बिलासपुरः हाईवे पर नौजवानों द्वारा रील के चक्कर में स्टंटबाजी करने और ट्रैफिक नियम तोड़ने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे से सामने आया है जहां, एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, शैंपेन की बोतल खोलकर मस्ती की और कार की छत पर खड़े होकर अलग-अलग पोज देते हुए रील बनाई है। जब रील वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी के मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी मुताबिक, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार (CG0-10-CD-141) देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर नजर आ रही है। तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे युवती चलती कार के सामने रैंप वॉक, शैंपेन की बोतल से झाग उड़ाती दिखाई दे रही है। वहीं, कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देते भी नजर आ रही है। वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर ली गई है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि, कार को जब्त करने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को लेटर भेजा जाएगा।

