बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार खरगोन-बड़वानी रोड पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास टैंकर से बारातियों की कार की टक्कर हो गई। सड़क हादसे में दूल्हे के भाई सहित 6 लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि 3 की मौत इलाज के दौरान हो गई। सभी मृतक और घायल राजपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों में सचिन वास्कले (25), प्रद्युम्न सहते (25), पप्पू (29), आकाश (25), यशवंत सुपड़िया (30) और सोहन बघेल (28) शामिल हैं। सभी युवक आपस में दोस्त थे और शादी समारोह में शामिल होने आए थे। घायलों में सुरेश (28) का इलाज जारी है। सभी लोग शादी के कार्यक्रम से बारात वापस लेकर लौट रहे थे। रास्ते में एक वाहन का डीजल खत्म होने पर ये युवक दूसरी कार से डीजल लेने जुलवानिया की ओर गए थे। वापसी के दौरान खरगोन की ओर से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने उनकी टीयूवी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टैंकर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सभी युवक अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही जुलवानिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने में करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआती जानकारी में 3 युवकों की मौके पर मौत हुई थी, जबकि बाद में 3 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी दौरान एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी आने से करीब 20 मिनट की देरी हुई, जिसे ‘गोल्डन ऑवर’ में अहम माना जा रहा है। हालात बिगड़ने पर परिजन ही घायलों को निजी साधनों से अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, हादसे की जानकारी परिजनों को भी दे दी गई है। परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
