फिरोजपुरः ममदोट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गांव गामा वाला में गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मोटरसाइकिल और कार के बीच हुई मामूली टक्कर के बाद गोली चलने का मामला सामने आया है। वहीं घटना में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते घायल बच्चे के रिश्तेदार ने बताया कि उनके गांव के कुछ लोग कार में सवार थे। उनकी कार की टक्कर एक मोटरसाइकिल से हो गई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार में सवार लोगों ने गोली चला दी। इस दौरान गोली बच्चे की टांगों को छूकर निकली और वह घायल हो गई। आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। पीड़ितों ने मांग की है कि हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
SHO ममदोट ने बताया मोटरसाइकिल और कार सवार के बीच टक्कर के बाद विवाद की सूचना मिली थी। इस दौरान विक्की पुत्र जस्सा ने गोली चला दी जिसमें एक बच्चा घायल हो गया है। मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
