चंडीगढ़: हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानदेय का समय पर भुगतान, रिक्त पदों को भरना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण एवं अन्य सेवाओं का निर्बाध संचालन विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
श्रुति चौधरी आज पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन, हरियाणा (पंजीकरण संख्या 1442) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रही थीं। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सेवा शर्तों, सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय लाभों और पदोन्नति से संबंधित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सामाजिक सुरक्षा और बीमा कवरेज के संबंध में मंत्री ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों (डीपीओ) को निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के अंतर्गत उपलब्ध लाभों की जानकारी दी जाए। विभाग की ओर से बैठक में बताया गया कि इन योजनाओं के तहत आवश्यक प्रीमियम राशि संबंधित लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जा रही है।
श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मानदेय का समय पर भुगतान, रिक्त पदों को भरने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता पर जोर दिया।

