चंडीगढ़/लाडोवाल (लुधियाना): पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज लुधियाना के लाडोवाल में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के तहत 7 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जाने वाले प्रशासनिक परिसर, बागवानी विकास केंद्र का नींव पत्थर रखा और हाईटेक पॉलीहाउस इकाई का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मोहिंदर भगत ने कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने, किसानों की आमदनी बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में बागवानी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बागवानी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के साथ-साथ किसानों को आधुनिक तकनीकों और अधिक मूल्य वाली फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
इस परियोजना के तहत प्रशासनिक परिसर, प्लांट हेल्थ क्लीनिक, चार हाईटेक पॉलीहाउस, आधुनिक मशीनरी एवं उपकरणों तथा बीज भंडारण शेड का निर्माण किया जा रहा है। चार हाईटेक पॉलीहाउस में से दो का उपयोग सब्जियों की पौध तैयार करने के लिए किया जाएगा। इनकी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 40 लाख पौध होगी। शेष दो पॉलीहाउस में अमरूद की पौध तैयार की जाएगी, जिनकी सालाना उत्पादन क्षमता लगभग 50 हजार पौधे होगी।
मंत्री ने बताया कि इन सुविधाओं के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध करवाने, वैज्ञानिक खेती प्रणालियों को प्रोत्साहित करने तथा बागवानी की उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्लांट हेल्थ क्लीनिक के माध्यम से पौधों में होने वाली बीमारियों, कीटों के हमलों और फसलों से जुड़ी अन्य समस्याओं की वैज्ञानिक तरीके से पहचान की जाएगी तथा उनके प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अतिरिक्त सचिव लतीफ अहमद ने कहा कि बागवानी विकास केंद्र की स्थापना विभाग के संस्थागत एवं तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लाडोवाल में विकसित की जा रही इन सुविधाओं का प्रभावी उपयोग किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, तकनीकी मार्गदर्शन और आधुनिक बागवानी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए किया जाएगा। बागवानी निदेशक मनीष कुमार ने विभाग द्वारा कृषि विविधीकरण, संरक्षित खेती, गुणवत्तापूर्ण नर्सरी उत्पादन और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभाग द्वारा विकसित की जा रही सुविधाओं और तकनीकी विशेषज्ञों की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर हरमेल सिंह एगुरशरण सिंह, संयुक्त निदेशक बागवानी, दलबीर सिंह, उप निदेशक बागवानी, लुधियाना, विजय प्रताप, सहायक निदेशक बागवानी, सभी बागवानी विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी निखिल अंबिश मेहता तथा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विभिन्न बागवानी फसलों से संबंधित तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। विभाग के विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत खेती तकनीकों, फसल प्रबंधन, पौध संरक्षण और आधुनिक बागवानी पद्धतियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। सत्र के दौरान किसानों को तकनीकी विशेषज्ञों के साथ सीधे विचार-विमर्श करने तथा व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर भी मिला।

