चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सरकारी योजनाओं के तहत वित्तीय लेन-देन से जुड़ी साइबर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल वित्तीय लेन-देन में संभावित कमजोरियों की पहचान करना और साइबर धोखाधड़ी तथा अनधिकृत लेन-देन से सरकारी धनराशि की सुरक्षा के लिए मजबूत उपाय सुनिश्चित करना है।
मुख्य सचिव ने आज यहां डिजिटल भुगतान ढांचे और क्लाउड व्यवस्था की साइबर सुरक्षा तथा वित्तीय सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को समन्वित, तकनीक आधारित और एहतियाती दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी वित्तीय लेन-देन को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
रस्तोगी ने सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को ऐसी सभी सरकारी योजनाओं की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जिनके तहत वित्तीय भुगतान किए जाते हैं और जो साइबर खतरों के प्रति संवेदनशील हो सकती हैं।
सरकारी धनराशि के अनधिकृत हस्तांतरण की आशंका को कम करने और वित्तीय अनुशासन मजबूत करने के लिए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को सरकारी योजनाओं के तहत भुगतान हरियाणा के भीतर स्थित बैंक खातों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुधीर राजपाल ने कहा कि इस तकनीकी प्रक्रिया के समन्वय में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र को अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए विशेषज्ञों का एक उप-समूह गठित कर विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों को एकत्रित किया जाए और उनके आधार पर व्यावहारिक साइबर सुरक्षा उपाय किए जाएं। तकनीकी सिफारिशों की समीक्षा प्रशासनिक सचिवों के एक समूह द्वारा की जाएगी, जिसके बाद उन्हें अंतिम मंजूरी दी जाएगी। इससे सभी विभागों में साइबर सुरक्षा के लिए एक समन्वित और एकरूप व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।

