पठानकोटः आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने 24 नवंबर 2026 को पंजाब के पठानकोट में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा में शिरकत की। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद लिया। दरअसल, लमीनी स्थित मल्टीपर्पज स्टेडियम में 22 से 24 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू-सिख एकता पर जोर देते हुए कहा कि दोनों की जड़ें एक हैं।
इसके अलावा उन्होंने सनातन संस्कृति की एकजुटता और धर्मांतरण के खिलाफ जागरूक होने का आह्वान भी किया। वहीं समारोह के मंच से और मीडिया से बातचीत में मनीष सिसोदिया ने कहा, “आज मैं शास्त्री जी से मिलने आया था। देश के बारे में, देश की शिक्षा के बारे में – ताकि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिल सके। वहीं राजनीति सही दिशा में आगे बढ़े, देश एकजुट होकर एक ‘विकसित भारत’ का निर्माण करे, इसके लिए हमें सभी के आशीर्वाद की आवश्यकता है। हमें सभी संतों के आशीर्वाद और सभी लोगों के समर्थन की जरूरत है। आम आदमी पार्टी की ओर से हम जो कुछ भी कर सकते हैं, वह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में, अगर सभी का आशीर्वाद हमारे साथ रहा, तो पंजाब और भी तरक्की करेगा। उन्होंने मंच से पंजाब की भगवंत मान सरकार के कामकाज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवंत मान सरकार ने पंजाब के हर घर के लिए काम किया है – स्कूलों पर काम किया, अस्पतालों के लिए काम किया, नौकरियों पर काम किया, किसानों और व्यापारियों के लिए काम किया, और एक दूरदर्शी सोच के साथ एक ईमानदार सरकार दी है – उसी तरह भगवंत मान साहब और आम आदमी पार्टी को सभी संतों का आशीर्वाद मिले और हम पंजाब तथा देश को आगे ले जा सकें; यही मेरी प्रार्थना है।”

