कन्नौजः उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों में 24 विद्यार्थी और स्कूल के आठ कर्मचारी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 6 बजे ठठिया क्षेत्र के पास हुआ। कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में सवार विद्यार्थी आगरा में ताजमहल घूमकर वापस लौट रहे थे। बस में विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ सहित कुल 50 लोग सवार थे। एक्सप्रेस-वे के किनारे बस को इसलिए रोका गया था, ताकि बच्चे शौचालय जा सकें। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे उसमें फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिसकर्मियों, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के कर्मचारियों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त बस से बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में 32 लोग घायल हुए हैं। इनमें 24 विद्यार्थी और स्कूल के आठ कर्मचारी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

