भुजः गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक और कार की टक्कर में सेना के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसा रात करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब सभी रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद कार से भुज लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शवों को कार के मलबे से निकालने में कई घंटे लगे। मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे।
पुलिस अधिकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सौरभ नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (7), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी बेटी वामिका के रूप में हुई है। हादसे में एक ही परिवार से जुड़े लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

