कोटाः राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चे भी शामिल है। हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। यहां खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र का एक परिवार खाटू श्यामजी के दर्शन के बाद महाराष्ट्र लौट रहा था। परिवार के सदस्य तीन गाड़ियों में सवार थे। जिनमें से एक क्रूजर में 16 लोग बैठे थे। शनिवार देर रात करीब एक बजे शंभूपुरा के पास क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने हादसे को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है। मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी करवाई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है।

