ऊना: राजकीय महाविद्यालय ऊना के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित एवं भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ‘उभरती प्रौद्योगिकियाँ, नवाचार और समावेशी सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन: का 20 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
अतिथियों का स्वागत एवं दीप प्रज्वलन
दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा तथा राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा सहित उपस्थित शिक्षकों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर डॉ. मीता शर्मा को पारंपरिक हिमाचली शॉल एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथियों डॉ. बलविंदर सिंह राणा, डॉ. समीक्षा (राजकीय महाविद्यालय बीटन) तथा रविराज जी का भी स्वागत किया गया।
गुरु-शिष्य परंपरा की अनूठी झलक
स्वागत संबोधन में प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने देश-विदेश से जुड़े शिक्षाविदों, वक्ताओं एवं शोधार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. शाम बैंस एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंच ज्ञान के आदान-प्रदान और शोध की नई संभावनाओं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान उत्तराखंड से आए शोधार्थी महिंदर कुमार ने अपने पूर्व गुरु एवं वर्तमान शोध-निर्देशक डॉ. शाम बैंस को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया। गुरु-शिष्य संबंधों की गरिमा को दर्शाता यह भावपूर्ण क्षण सभागार में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्य व्याख्यान एवं तकनीकी सत्र
सेमिनार के मुख्य वक्ता नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय स्थित सेंटर फॉर इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन (CEDA) के प्रोफेसर तथा नेपाल सरकार के राष्ट्रीय योजना आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. राम कुमार फुयाल रहे। उन्होंने ‘सतत विकास और इसकी चुनौतियों की समझ’ (Understanding Sustainable Development and Its Challenges) विषय पर व्याख्यान देते हुए पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक प्रगति एवं सामाजिक समानता के बीच संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
इसके बाद आयोजित समानांतर तकनीकी सत्रों में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। चर्चाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल अर्थव्यवस्था, वित्तीय समावेशन, तकनीकी नवाचार, शिक्षा, उद्यमिता एवं सतत विकास जैसे विषय प्रमुख रहे। विशेष रूप से यह विचार उभरकर सामने आया कि उभरती प्रौद्योगिकियों और नवाचारों का प्रभावी उपयोग विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने तथा समावेशी एवं आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में विभिन्न तकनीकी सत्रों के दौरान उत्कृष्ट शोध-पत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रस्तुत शोध एवं अकादमिक विचारों की सराहना करते हुए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और बहुविषयक अनुसंधान को भविष्य की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनजीत सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. मीता शर्मा, विशिष्ट अतिथियों, अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय वक्ताओं, शोधार्थियों, प्रतिभागियों तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय यह आयोजन वैश्विक अकादमिक संवाद, अनुसंधान सहयोग एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा संस्थानों की सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भूमिका को रेखांकित करने वाला एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।

