ऊना: जिला मुख्यालय ऊना में एक कार को रोककर उस पर तलवारें चलाकर कार सवारों को धमकाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता पंडोगा निवासी वंश और शिवम के अनुसार अंब रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास उनकी चलती कार को जबरन रोककर आरोपित व्यक्ति द्वारा हमला किया गया।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार कार से बाहर नहीं आने के कारण आरोपित ने उनकी कार पर ही तलवारों से वार किया, जिसके कारण उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार के आगे का पूरा शीशा और पीछे का कुछ हिस्सा इस हमले में टूट गया है। शिवम और वंश के अनुसार आरोपित व्यक्ति के साथ एक महिला और एक लड़का भी था जो संभवतः उसके पारिवारिक सदस्य थे।
दिन दिहाड़े हुए इस तलवार कांड से शहर भर में दहशत का माहौल है और चर्चा का विषय है। बताया जाता है कि यह मामला कार गिरवी रखने और पैसा रिकवरी से संबंधित है। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है, पुलिस उपकप्तान अजय राणा ने बताया कि पुलिस द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जल्द ही इसका खुलासा करेगी।

