चौथे दिन श्रीमद्भागवत कथा में उमड़े श्रद्धालु
ऊना: जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम, नारी में स्वामी हेमानंद महाराज के सानिध्य में पंचभीष्म पर्व के उपलक्ष्य पर 16 से 24 नवंबर तक आयोजित पंचभीष्म महायज्ञ, शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा से पूरा आश्रम भक्तिरस में सराबोर हो रहा है। धार्मिक आयोजन के चौथे दिन भी आश्रम में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान, श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन और महायज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां डाली जा रही हैं। शतचंडी महायज्ञ में विशेष रूप से वैदिक परंपराओं के अनुसार यज्ञ अनुष्ठान संपन्न करवाए जा रहे हैं। यज्ञशाला में गूंजते मंत्रों और धार्मिक वातावरण से पूरा धाम आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो रहा है।
इस पावन आयोजन की विशेषता यह भी है कि यहां देश-विदेश में ख्याति प्राप्त संत-महात्माओं एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित आध्यात्मिक विभूतियों का आगमन हो रहा है। उनके सानिध्य और आशीर्वचनों से श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में चल रहे इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 24 नवंबर तक चलने वाले इन धार्मिक आयोजनों को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है। आश्रम में भक्ति, श्रद्धा और वैदिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

