ऊना (सुशील पंडित): ऊना-अंब सड़क पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप निजी बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा 19 नवंबर की सुबह करीब 7:45 बजे पेश आया। मृतक की पहचान धर्मपाल निवासी लोअर अर्नियाला के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी बस चालक नितिन कुमार निवासी अर्नियाला बस को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान ऊना-अंब रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

