चंडीगढ़: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा फरवरी/मार्च-2027 आयोजित करवाई जाने वाली सैकेण्डरी तथा सीनियर सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय परीक्षा हेतु सी.टी.पी., ओ.सी.टी.पी., रि-अपीयर, अतिरिक्त विषय, आंशिक अंक सुधार एवं पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी के तहत आवेदन करने के इच्छुक परीक्षार्थी 20 नवंबर, 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाईट www.bseh.org.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस आशय की जानकारी देते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ० शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि सैकेण्डरी (मुक्त विद्यालय) सी.टी.पी./ओ.सी.टी.पी./ अतिरिक्त विषय /रि-अपीयर/आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी की परीक्षा के लिए 1450 रूपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार सीनियर सैकेण्डरी (मुक्त विद्यालय) सी.टी.पी./ओ.सी.टी.पी./ अतिरिक्त विषय /रि-अपीयर/आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार की परीक्षा के लिए 1500 रूपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थी बिना विलंब शुल्क 20 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रायोगिक परीक्षा के लिए प्रति विषय 100 रूपये अतिरिक्त शुल्क देय होगा।
उन्होंने बताया कि जो परीक्षार्थी उक्त निर्धारित तिथियों में आवेदन नहीं कर पाते हैं, वे परीक्षार्थी 100/- रूपये विलंब शुल्क सहित 01 दिसंबर से 10 दिसंबर तक, 300 विलंब शुल्क सहित 11 दिसंबर से 21 दिसंबर तक तथा 1000 रूपये विलंब शुल्क सहित 22 दिसंबर से 31 दिसंबर, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

