चंडीगढ़: निदेशालय, सैकेण्डरी शिक्षा विभाग हरियाणा, पंचकुला के निर्देशानुसार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा 26 व 27 दिसंबर, 2026 को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2026 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन करवाया जा रहा है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2026 के लिए 18 नवंबर, 2026 से आवेदन फार्म लाईव कर दिए गए हैं। परीक्षा से संबंधित सूचना बुलेटिन (Information Bulletin) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं।
इस आशय की जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ० शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर 27 नवंबर, 2026 (रात्रि 23:59 बजे) तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा हेतु अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 1200 रूपये, दो लेवलों के लिए 2000 रूपये तथा तीनों लेवलों के लिए 2600 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसी प्रकार हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित तथा दिव्यांग अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 700 रूपये, दो लेवलों के लिए 1100 रूपये तथा तीनों लेवलों के लिए 1400 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
उन्होंने आगे बताया कि यदि कोई अभ्यर्थी एक पंजीकरण उपरान्त अन्य लेवल की परीक्षा देने का इच्छुक है, तो उसी पंजीकरण के अन्तर्गत ही दूसरे लेवल के लिए आवेदन कर सकता है। यदि कोई अभ्यर्थी एक लेवल के लिए एक से अधिक आवेदन करता है, तो उसका आवेदन/पात्रता रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए वेबसाइट www.bseh.org.in का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारी/सूचना से वंचित न रहें।

