अमृतसरः जिले में ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट 2026’ को लेकर पंजाब सरकार द्वारा गठित 7 सदस्यीय कमेटी के सदस्य आज अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित विशेषज्ञों की 5 सदस्यीय कमेटी से चर्चा करने के लिए अमृतसर पहुंचे हैं। इन सदस्यों में पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख बाबा हरनाम सिंह खालसा, रिटायर्ड जस्टिस जसपाल सिंह, रिटायर्ड जस्टिस गुरबीर सिंह, पूर्व पुलिस अधिकारी जतिंदर सिंह औलख, लॉ अधिकारी प्रीत इंदर पॉल सिंह और अन्य सदस्य शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक आज की बैठक में अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित कमेटी के सदस्य नहीं पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि वार्ता से पहले सम्मान संशोधन कानून पर रोक लगाने सहित अन्य मांगें नहीं मानने के कारण अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित कमेटी ने सरकार द्वारा गठित इस कमेटी की बैठक में भाग नहीं लेने का फैसला किया है। बता दें कि सरकार ने 13 अप्रैल 2026 को विधानसभा के विशेष सत्र में ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026’ पास किया था। इस बिल में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने, इसकी साजिश रचने या इसमें सहयोग करने वालों के लिए 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा और 5 लाख से 25 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान किया गया। राज्यपाल की मंजूरी के बाद 20 अप्रैल को इसे कानून के रूप में अधिसूचित कर दिया गया।
हालांकि, कानून बनने के बाद श्री अकाल तख्त साहिब ने इसके कुछ प्रावधानों पर आपत्ति जताई। दरअसल, अकाल तख्त का कहना है कि सरकार ने सिख पंथ, अकाल तख्त साहिब और एसजीपीसी से पर्याप्त विचार-विमर्श किए बिना कानून बनाया। इसके अलावा, कानून में गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों के संरक्षक (कस्टोडियन), धार्मिक संस्थाओं के अधिकार और सिख रहित मर्यादा से जुड़े कुछ प्रावधानों पर भी सवाल उठाए गए। अकाल तख्त ने सरकार से इन आपत्तियों को दूर कर कानून में जरूरी संशोधन करने की मांग की है। विवाद को सुलझाने और दोनों पक्षों के सुझावों पर चर्चा करने के लिए आज सरकार की तालमेल कमेटी और अकाल तख्त की विशेषज्ञ कमेटी की बैठक हो रही है।
