लुधियानाः खन्ना के गांव चकोही में व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित दविंदर सिंह गिंदी जातिगत भेदभाव और प्रताड़ना से परेशान पानी की टंकी पर चढ़ा। दविंदर का कहना है कि वह एससी समाज से संबंध रखता है। इसी बात को लेकर पड़ोसी उसे नीचा दिखाते हैं, आए दिन जातिसूचक शब्द बोलते हैं और भद्दी गालियां देते हैं। इसी रोज-रोज की मानसिक परेशानी से तंग आकर उसने टंकी पर चढ़ने का यह कदम उठाया। ऐसे में दविंदर सिंह गिंदी पेंटर करीब 3 घंटे तक टंकी पर डटा रहा।
वह प्रशासन से न्याय की गुहार लगाता रहा। दविंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि उसने कुछ समय पहले ही गांव में जमीन खरीदकर नया मकान बनाया था। उसके पड़ोस में रहने वाले जमींदार परिवार के लोग उसके साथ जातिगत भेदभाव कर रहे हैं। पीड़ित दविंदर सिंह का छोटा भाई भारतीय सेना में कार्यरत है, लेकिन गांव में उसके परिवार को इस तरह के जातिगत भेदभाव का शिकार होना पड़ रहा है।
टंकी पर चढ़ने की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दविंदर को समझा-बुझाकर शांत किया और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई करने का पक्का आश्वासन दिया। पुलिस के भरोसे के बाद ही युवक टंकी से नीचे उतरने को राजी हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
