सिवनीः मध्य प्रदेश के सिवनी में एक होटल में पुलिस कर्मियों की कथित दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस कर्मी होटल में मौजूद कपल को धमकाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। वीडियो में साफ तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि गांजा रखकर फंसा देंगे। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं और लोगों में नाराजगी है।
मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। ये होटल डूंडासिवनी थाना क्षेत्र में आता है। वायरल CCTV फुटेज में कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और अन्य पुलिस कर्मी दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि 13 नवंबर को होटल में कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मियों ने वहां मौजूद बालिग कपल को डराया धमकाया। इसी दौरान उन्हें बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
वीडियो में साफ तौर पर यह कहते सुना जा सकता है कि गांजा रखकर फंसा देंगे, जिससे पुलिस के इस डराने-धमकाने वाले रवैये पर आम जनता के बीच भारी गुस्सा है। वर्दी की आड़ में इस तरह की धमकियां देने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जनता की रक्षा करने वाली पुलिस अगर खुद ही लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देगी, तो आम नागरिक कहां सुरक्षित महसूस करेगा?
होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंचार्ज विजय तिवारी ने उनसे हर महीने 25-25 हजार रुपए देने की मांग की थी। संचालक का आरोप है कि टीआई और एसडीओपी को 10-10 हजार रुपए दिए भी गए थे। होटल के किरायेदार संचालक ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और उसके तरीके पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल वायरल फुटेज और लगाए आरोपों की जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आने और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।
