चंडीगढ़: हरियाणा में नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देने की पहल करते हुए जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने हंगरी की सेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी, ग्योर के साथ शैक्षणिक, औद्योगिक एवं स्टार्टअप सहयोग की दिशा में रणनीतिक पहल की है। प्रस्तावित साझेदारी के तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को ऑडी से जुड़े ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग कार्यक्रमों और अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त इनक्यूबेशन, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण तथा उद्योग आधारित इंजीनियरिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल, जिसमें कुलसचिव प्रो. अजय रँगा तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से प्रो. संजीव गोयल, जो विश्वविद्यालय के आईपीआर, इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन डिवीजन के प्रभारी है, ने हंगरी के ग्योर स्थित सेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी का आधिकारिक दौरा किया। यह पहल हरियाणा सरकार की ओर से विश्वविद्यालय को हरियाणा स्टेट स्टार्टअप पॉलिसी-2022 के तहत स्टार्टअप वेयरहाउस/इनोवेशन कैंपस स्थापित करने के लिए ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ प्राप्त होने के बाद की गई है।
राज्य सरकार के सहयोग से प्रस्तावित इस नवाचार अवसंरचना का अधिकतम लाभ उठाने तथा विश्वविद्यालय के मौजूदा जे.सी. बोस टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर की गतिविधियों का विस्तार करने के उद्देश्य से दोनों विश्वविद्यालयों ने संयुक्त इनक्यूबेशन एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण कार्यक्रमों की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि जे.सी. बोस टीबीआई वर्तमान में 24 से अधिक सक्रिय स्टार्टअप को प्रोत्साहित एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। जे.सी. बोस टीबीआई को हंगरी के ग्योर साइंस एंड इनोवेशन पार्क से जोड़ने की प्रस्तावित पहल से फरीदाबाद और हरियाणा के शुरुआती चरण के स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय मेंटरशिप, यूरोपीय बाजार तक पहुंच तथा वैश्विक स्तर पर अपने उत्पादों और तकनीकों के व्यावसायीकरण के अवसर प्राप्त हो सकेंगे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्योर साइंस एंड इनोवेशन पार्क का भी दौरा किया, जहां पार्क के प्रमुख तमास कोलोस्वारी ने वहां संचालित स्टार्टअप एवं नवाचार गतिविधियों की जानकारी दी।
दोनों विश्वविद्यालयों के बीच विद्यार्थी एवं संकाय आदान-प्रदान तथा संयुक्त अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत सेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर, ड्रोन लेबोरेटरी तथा आरएफ एवं सिग्नल प्रोसेसिंग प्रयोगशाला में संयुक्त अनुसंधान की संभावनाओं पर विचार किया गया। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ अधिकारियों डॉ. बालाज पाल्वोल्गी, डॉ. एकोस कोवाच, साबा नेमेथ, मार्सेला टेलेक तथा रिचार्ड बोद्रोगी से मुलाकात की। विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण एडेल किविहार्जु-तुरी के मार्गदर्शन में किया गया।
