समस्तीपुरः लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा कर देने से नाराज मां ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान वार्ड-12 निवासी राजू पासवान की पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है।
बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा को लेकर परिवार के सदस्य घर के समीप घाट बनाने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी, जिसमें से बच्ची ने प्रसाद को थोड़ा मुंह लगा दिया था, जिससे पत्नी गुस्सा हो गई। जिसने बच्ची को पीटना शुरू कर दिया, जिस पर बच्ची की तबीयत बिगड़़ गई। जिसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। इस दौरान मौके पर अस्पताल में पहुंची पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
