मुंबईः सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। सोमवार को सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत एक झटके में 5,709 रुपये टूट गई, जबकि सोना भी करीब 956 रुपये सस्ता हो गया। पिछले सप्ताह भी दोनों धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली थी। ऐसे में गहने खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बाजार से राहत भरी खबर है।
सुबह 10 बजे MCX पर चांदी का भाव 5,709 रुपए यानी 3.20 फीसदी की गिरावट के साथ 1,70,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गया। पिछले कुछ कारोबारी सत्रों से चांदी की कीमतों में लगातार कमजोरी बनी हुई है। बाजार में मांग सुस्त रहने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव के कारण इसकी कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है।
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट जारी रही। सोमवार सुबह 10 बजे MCX पर सोना 956 रुपये यानी 0.70 फीसदी टूटकर 1,35,749 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
वहीं, खुदरा बाजार में 16 नवंबर की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,36,950 रुपये प्रति 10 ग्राम और मुंबई में 1,36,800 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 3,874.42 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
सोने की कीमतों में पिछले सप्ताह भी बड़ी कमजोरी देखने को मिली थी। इस दौरान 24 कैरेट सोना करीब 5,950 रुपए प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना लगभग 5,450 रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया था। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में करीब 4.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी।
लगातार गिरते भाव के बीच अब निवेशकों और आभूषण खरीदारों की नजर बाजार की अगली चाल पर टिकी हुई है। हालांकि, खुदरा बाजार में सोने और चांदी के अंतिम भाव शहर, आभूषण विक्रेता, जीएसटी और मेकिंग चार्ज के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।
