नैनीतालः उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है, जिसमें पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश और ओम पर्वत के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी दर्ज की गई है। देहरादून में रविवार देर शाम हल्की बारिश हुई, जबकि मसूरी में ओले गिरे। मौसम की इन स्थितियों के कारण पूरे राज्य में ठंड बढ़ गई है। अब 21 नवंबर तक मौसम के शुष्क (सूखा) रहने का अनुमान है।
केदारनाथ में बर्फबारी हुई इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी हुई थी। केदारनाथ और अन्य धामों की ऊंची चोटियों पर भी मौसम के करवट बदलने से बर्फबारी हुई है, जिससे चारों ओर मनमोहक और सर्द माहौल बना हुआ है। इससे सोमवार को मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से यूपी में ठंड बढ़ गई है। बद्रीनाथ धाम और मंदिर परिसर सहित आसपास की पहाड़ियों पर भारी बर्फबारी हुई है जिससे चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
उधर, 11 जिलों में बारिश भी हुई, जिनमें बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, देहरादून और चमोली शामिल हैं। वहीं ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में बादल छाए रहे।
