नई दिल्लीः देश की राजधानी में एक बड़ा हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां, पहाड़गंज इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में 8 लोगों की घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। हादसे के वक्त दूसरी मंजिल की छत का लैंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया और वहां काम कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई। जिसके बाद राहत बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस अधिकारी घटना बारे जानकारी देते हुए बताया कि थाना पहाड़गंज में एक पीसीआर कॉल के जरिए इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। पहाड़गंज में गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने कशेरूवालान, संगतराशान स्थित यह हादसा हुआ है। जिसके बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि इमारत के सपोर्टिंग कॉलम यानी खंभे गीले थे और इमारत एक तरफ झुकी हुई दिखाई दे रही थी। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल घटना की पूरी जांच जारी है।
