चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के दौरान अंग्रेजों द्वारा जिन क्रांतिकारियों को पेड़ों से टांग-टांग कर गोलियां मारी गईं, जिन पर कोल्हू चलवाए गए और गांव के गांव जला दिए गए, ऐसे सभी ज्ञान-अज्ञात शहीदों की आत्मा की शांति के लिए आज हमने शहीद स्मारक में हवन यज्ञ किया है और आज से ही शहीद स्मारक लोगों के लिए खुल गया है। लोग स्मारक में आकर शहीदों की कुर्बानियों की गाथायों को देख सकते हैं।
विज आज रविवार को अम्बाला छावनी में 1857 आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक में हवन यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1857 की आजादी की लड़ाई कांग्रेस के जन्म से 28 साल पहले सारे देश में लड़ी गई थी, उसके इतिहास को भूला दिया गया था। उन शहीदों की याद में हमने अंबाला छावनी में एक भव्य शहीद स्मारक बनाया है और देश के गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को इसका लोकार्पण कर दिया है।
इसके उपरान्त विज ने संग्रहालय में जाकर टिकटिंग व्यवस्था को भी परखा और यहां पर आजादी की पहली लड़ाई (इवेन्ट स्पोर्ट्स अम्बाला छावनी) यानी अम्बाला से जो आजादी की क्रांति शुरू हुई थी, उस पर आधारित फिल्म को देखा। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म अनिल विज द्वारा स्वयं बनाई गई। इस फिल्म में यह दर्शाया गया है कि आजादी की लड़ाई में अम्बाला से सम्बधिंत घटना में 135 लोग मारे गए थे, जिनमें से 33 बंदी थे।
