चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज एक अनोखी राज्य-स्तरीय युवा क्विज़ प्रतियोगिता ‘पंजाब दा करोड़पति’ की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को ज्ञान, शिक्षा और सरकारी नौकरियों की तैयारी की ओर लगाना है। इस क्विज़ के विजेता को 1 करोड़ रुपये का बड़ा इनाम जीतने का मौका मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा, “पंजाब के युवाओं के लिए यह बड़ी खबर है। आज हमने युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए तैयार करने के लिए ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता की घोषणा की है। विजेता को 1 करोड़ रुपये मिलेंगे, चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि शीर्ष 10,000 प्रतिभागियों को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। हम चाहते हैं कि हमारे युवाओं के हाथों में किताबें हों क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है। तुम बस सख्त मेहनत पर ध्यान दो; सरकार हर कदम पर तुम्हारे साथ खड़ी है। तुम्हारी सफलता ही पंजाब की असली प्रगति है। आओ, अपने हुनर और सख्त मेहनत के जरिए एक खुशहाल और जीवंत ‘रंगला पंजाब’ बनाएं।”

उन्होंने कहा, “इस प्रतियोगिता में कुल 11 दौर होंगे, जिनमें से पहले 9 दौर ऑनलाइन करवाए जाएंगे। दसवां दौर पंजाब के सभी 23 जिलों में ऑफलाइन तरीके से करवाया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी खुद आकर हिस्सा लेंगे, जबकि 11वां दौर ‘ग्रैंड फिनाले’ होगा।”
‘पंजाब का करोड़पति’ के माध्यम से भगवंत मान सरकार का उद्देश्य एक ऐसा प्रदेश स्तरीय मंच तैयार करना है, जो ज्ञान, प्रतिभा और इच्छाओं को उपयुक्त मौकों और मान-सम्मान में बदलने का मार्ग बने। इस पहल की कल्पना पंजाब की नौजवानी के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए की गई है, जो हर जिले के नौजवानों को हिस्सा लेने, मुकाबला करने और प्रदेश का अगला करोड़पति बनने की इच्छा रखने तथा इसे साकार करने का मौका देती है।
