चंडीगढ़: पंजाब सरकार द्वारा राज्य के पिछड़े वर्गों के परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी राशन किट वितरण मुहिम ‘मेरी रसोई’ में तेजी लाई गई है, जिसके तहत दूसरी तिमाही के दौरान अब तक लगभग 31 लाख से अधिक परिवार लाभ ले रहे हैं। इस मुहिम का उद्देश्य हर तिमाही यानी 3 महीने बाद पंजाब भर में कुल 40 लाख योग्य परिवारों को राशन किट प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में इस पहल के तहत राशन किटों का वितरण मिशन मोड पर किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को एक राशन किट मिलेगी जिसे एक परिवार की खाद्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है।
ये राशन किट मार्कफेड द्वारा तैयार की जाती हैं जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा राज्य भर में वितरण नेटवर्क की निगरानी की जाती है। अब तक वितरित की गई 31 लाख से अधिक राशन किटों में से, लुधियाना 375831 किटों के वितरण के साथ अग्रणी रहा जबकि पटियाला 240975 किटों के वितरण के साथ दूसरे स्थान पर, बठिंडा 194584 किटों के वितरण के साथ तीसरे स्थान पर, अमृतसर 189580 किटों के वितरण के साथ चौथे स्थान पर, फाजिल्का 165338 किटों के वितरण के साथ पांचवें स्थान पर है।
