चंडीगढ़: सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आशीर्वाद योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को बेटियों के विवाह के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान आशीर्वाद योजना के तहत 2.86 लाख लाभार्थियों को 1,164 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता पारदर्शी तरीके से जारी की है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमृतसर जिले में सामने आए अनियमितताओं के 62 कथित मामलों, जिनमें लगभग 31.62 लाख रुपये की राशि शामिल है, को सरकार ने गंभीरता से लिया है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए है और सरकारी धन के एक-एक पैसे का उचित इस्तेमाल सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
