अमृतसरः खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह खालसा की अंतरिम जमानत याचिका पर आज कोर्ट में सुनवाई हुई। जहां अमृतपाल सिंह को कोर्ट से एक दिन के लिए जमानत मिली है। दरअसल, कोर्ट से अतंरिम जमानत दादी के संस्कार में शामिल होने के लिए मिली है। अमृतपाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। मामले की जानकारी अमृतपाल सिंह के वकील ने दी है।
वकील कर्मवीर सिंह ने बताया कि अमृतपाल की दादी माता चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया। पारिवारिक रस्मों के अनुसार 14 नवंबर को उनका अंतिम संस्कार, 15 नवंबर को अस्थियों का जल प्रवाह और श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा।
वहीं, 17 नवंबर को भोग और अंतिम अरदास रखी गई है। इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह , हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह की ओर से 14 से 17 नवंबर तक मानवीय आधार पर अंतरिम जमानत मांगी गई। कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक और मानवीय मामला है। ऐसे समय में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी जरूरी है।
