कई घर जलकर हुए राख
अरुणाचल प्रदेश। अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के दूरदराज स्थित पारसी-पारलो कस्बे में गुरुवार तड़के लगी भीषण आग में तीन नाबालिगों सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। इस हादसे में 24 घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई परिवार बेघर हो गए हैं। कुरुंग कुमे के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, आग तड़के करीब दो बजे लगी। प्रभावित 24 घरों में से 19 घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि पांच घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। मृतकों की पहचान महिला डोंगडा यानू और उनके तीन बच्चों डोंगडा करसांग, डोंगडा माजी और डोंगडा अमजी के रूप में हुई है।
हादसे में महिला के पति डोंगडा ताजी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और वह परिवार के एकमात्र जीवित बचे सदस्य हैं। सूचना मिलते ही पारसी-पारलो के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कर्मी, स्थानीय पुलिस, प्रशिक्षित सामुदायिक स्वयंसेवक और स्थानीय निवासी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब साढ़े 5 बजे आग पर काबू पाया गया। राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों की मौत और परिवार के सदस्यों के हताहत होने की खबरों ने इस त्रासदी को बेहद हृदयविदारक बना दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और सभी प्रभावितों को इस दुख को सहने की शक्ति व साहस प्रदान करने की प्रार्थना की।
