फरीदाबादः हरियाणा में टेक महिंद्रा कंपनी के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ (45) हत्याकांड का सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें आरोपी मोनू शर्मा परमजीत को घर के अंदर और बाहर गोलियां मारते दिखाई दे रहा है। मोनू ने फरीदाबाद में धनतेरस की रात परमजीत पर एक पिस्टल से 15 राउंड फायर किए। जिनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौत हो गई।
वारदात के दौरान चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परमजीत की बहन उसे बचाने के लिए आई। आरोपी ने उसके सामने ही पिस्टल की मैगजीन बदलकर परमजीत को दोबारा गोलियां मारी। परमजीत मूल रूप से हिसार का रहने वाले थे और सिंगापुर की एक कंपनी में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) के पद पर तैनात थे।
6 नवंबर की रात करीब 9 बजे आरोपी मोनू शर्मा सेक्टर 21सी में बिल्डिंग के गेट पर आता है और परमजीत को बुलाने लगता है। तब परमजीत अपने बेटे के साथ बाहर आता है। जिसके बाद बिल्डिंग के पार्किंग एरिया में दोनों के बीच बहस होती है और इसके बाद मोनू फायर कर देता है।
परमजीत का बेटा जैसे ही आरोपी को हाथ दिखाकर चुप रहने के लिए बोलता है। वह जेब में रखी लोडेड पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां चलानी शुरू कर देता है। इस दौरान बेटा शौर्य वहां से भागता है और चीखने -चिल्लाने लगता है।
परमजीत को अंदर ही 4 से 5 गोलियां लग चुकी होती हैं। फिर भी वह अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से बाहर भागता है। वह बाहर का गेट बंद करने की कोशिश करता है। लेकिन गोलियां लगने के कारण बंद नहीं कर पाता है। इस दौरान मोनू शर्मा गाली देते उस पर गोलियां चलाता है।
परमजीत को उसकी बहन उठा रही होती है। मोनू को लगता है कि ये उसकी पत्नी है। वो उसी के सामने गोलियां मारने के बाद बोलता है- दिवाली मुबारक हो विधवा। जिसके बाद वह फिर से अपनी पिस्टल को लोड करता है और चीखते हुए कहता है कि आज सबको मारकर जाऊंगा। इसके बाद वो वहां से भाग जाता है।
हत्याकांड का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम उससे पूछताछ कर सबूत जुटाने में लगी हुई है। पुलिस द्वारा अभी तक आरोपी के पास से अब तक दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 67 कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। आरोपी की निशानदेही पर 6 कारतूस वाली एक मैगजीन भी मिली है।
