कलवारीः उत्तर प्रदेश के बस्ती में परिषदीय स्कूल का एक शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। विवाद की शुरुआत आरटीआई (RTI) से सूचना मांगने को लेकर हुई। मंगलवार को मनबढ़ों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमलाकर शिक्षिका की हत्या कर दी। उनके पति और बेटे-बेटी को घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका के पति को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। घायल बेटा-बेटी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर सभी को हिरासत में ले लिया है।
बस्ती के कलवारी क्षेत्र स्थित ताहिरपुर गांव की रहने वाली सुधाशंकर यादव की पत्नी सुधा गोंडा में एक परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका थीं। दिवाली में वह परिवार के साथ ताहिरपुर आईं थीं। कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव का ताहिरपुर में मायका है। उन्होंने सुधा की नौकरी पर सवाल उठाते आरटीआई से सूचना मांगी थी। इसे लेकर दोनों पक्षों में तनाव था। मंगलवार को विवाद में लक्ष्मी और सुधा के परिवारजनों में मारपीट हो गई। जिसमें सुधा की मौत हो गई जबकि पति सुधाशंकर, बेटी अन्नू, बेटा अखिलेश घायल हैं।
सीओ कलवारी बृजेश सिंह के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे अगौना निवासी लक्ष्मी देवी अपने मायके ताहिरपुर में लक्ष्मी पूजा में शामिल होने जा रही थीं। उनके गांव में प्रवेश करते ही शिक्षिका सुधा के घर के लोगों से उनकी कहासुनी शुरू हो गई। शोरगुल सुनकर लक्ष्मी देवी के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट में शिक्षिका सुधा, उनके पति सुधाशंकर, बेटी अन्नू और बेटे अखिलेश को गंभीर चोट आईं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर भेजा गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक ने चारों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शिक्षिका सुधा ने दम तोड़ दिया।
शिक्षिका के पति सुधाशंकर की गंभीर स्थिति देखते चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। सुधा यादव के बेटे अखिलेश का आरोप है कि कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव के साथ अन्य लोगों ने उनकी उनकी मां पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। एसएचओ कलवारी संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित लक्ष्मी यादव, दीपशिखा, आदर्श, आलोक, दीनानाथ और प्रेमचंद्र के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
