धार: मध्य प्रदेश के दसाई में दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर पारंपरिक गाय गोहरी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में गाय गोहरी का आयोजन हुआ। इसमें मन्नतधारियों ने अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जमीन पर लेटकर अपने ऊपर से गायों को गुजरवाया और मन्नत पूरी होने की परंपरा निभाई। मान्यताओं के अनुसार गाय को पूज्यनीय और माता का स्वरूप माना जाता है। इसी आस्था के चलते क्षेत्र में वर्षों से गाय गोहरी की परंपरा चली आ रही है।
मान्यता है कि जिन लोगों की मनोकामना पूरी होती है, वे दीपावली के अगले दिन पड़वा पर गायों के नीचे लेटकर अपनी मन्नत पूरी करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और आज भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ इसका निर्वहन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने गायों की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। परंपरा के अनुसार, मन्नत मांगने वाले ग्रामीण दीपावली से 5 दिन पहले ग्यारस के दिन घर छोड़कर गांव के माता भवानी मंदिर पहुंचते हैं। यहां 5 दिन तक उपवास रखते हैं और भजन-कीर्तन करते हैं।
गोवर्धन पूजा के अगले दिन सुहागा पड़वा की सुबह गायों के पूजन के बाद वे सड़क पर लेटते हैं। इसके बाद ढोल बजाकर गायों को छोड़ा जाता है। इस बार भी गांव में एक दर्जन से अधिक युवकों ने मन्नत रखी थी। आयोजन में शामिल होने के लिए सुबह से ही आसपास के गांवों के लोग पहुंचने लगे थे। सुबह सूर्योदय से पहले ग्रामीण आयोजन की तैयारियों में जुट गए। गायों को नहलाकर उनके सींगों और शरीर को रंगों से सजाया गया।
इसके बाद गांव के चौक में गौरी पूजन हुआ। मन्नतधारी पूजा की थालियां लेकर पहुंचे। इनमें पूजा सामग्री के साथ गाय का गोबर भी रखा गया, जिसे गौरी के स्वरूप में पूजकर मां गौरी और गोमाता का आह्वान किया गया। नारियल फोड़कर पूजा संपन्न की गई। इसके बाद ढोल-धमाकों के बीच मन्नतधारियों का जुलूस निकाला गया। उन्हें गांव के मुख्य मार्ग पर जमीन पर लिटाया गया और गायों को दौड़ाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। इसकी शुरुआत कब हुई, इसकी सही जानकारी किसी को नहीं है। उनका दावा है कि अब तक इस आयोजन में गायों के पैरों के नीचे लेटने से कोई घायल नहीं हुआ।
