जालंधर, ENS: गांव राओवाली की पटाखा मार्केट में देर रात पटाखा खरीदने आए 2 गुटों के बीच मामूली बात पर कहासुनी हो गई। इसके बाद युवकों के बीच जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चले। मारपीट का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शी राहुल के अनुसार, त्योहार के कारण राओवाली गांव के पटाखा मार्केट में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान पटाखों की खरीदारी या रास्ते को लेकर युवकों के दो समूहों में बहस शुरू हुई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाजार के मुख्य हिस्से में दर्जनों लोग मौजूद हैं। भीड़ के बीच कई युवक आपस में बुरी तरह उलझ रहे हैं और एक-दूसरे को मारते हुए नजर आ रहे हैं। इस हंगामे के दौरान मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद खरीदारी करने आए लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर हटने लगे।
बाजार में मौजूद अन्य दुकानदारों और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हंगामा कर रहे युवक लगातार एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश करते रहे। मारपीट के कारण काफी देर तक खरीदारी बाधित रही। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

