चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर और परिवार है। लाडवा के लोगों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे उन्होंने हमेशा अपना सौभाग्य माना है। क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद उनकी ताकत है और लाडवा की तरक्की उनकी जिम्मेदारी है। उनका संकल्प है कि लाडवा के विकास की रफ्तार कभी थमने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को लाडवा में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी भी उपस्थित रही। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीपोत्सव का पर्व हमें पांच अलग-अलग संदेश देता है। धनतेरस आरोग्य और धन-धान्य का प्रतीक है, दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का पर्व है, गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती है, जबकि भाई दूज रिश्तों में मिठास और प्रेम बढ़ाने का पर्व है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों लाभार्थियों और पंचायती राज संस्थाओं व नगरपालिकाओं के बैंक खातों में सीधे 4,470 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री कृष्ण गौशाला समिति लाडवा को लगभग 7.34 लाख, अखंड गौशाला मथाना को लगभग 7.63 लाख रुपए और मथाना गोवंश धाम एवं अनुसंधान संस्थान लगभग 19.56 लाख रुपए का चेक वितरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली मिलन समारोह अपने लोगों से मिलने, पुरानी यादें साझा करने और भविष्य की राह तय करने का अवसर है। उन्होंने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके घर-घर तक पहुंच बनाई और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया है। वे प्रत्येक कार्यकर्ता को हृदय से नमन करते हैं।
