नई दिल्ली: क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की। इस दौरान उनकी पत्नी और एक बच्ची भी मौजूद थी। बच्ची ने पीएम मोदी को भजन गाकर सुनाया। भजन सुनकर पीएम मोदी ने तालियां बजाकर उसका उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की है। पीएम ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि – ‘दीवाली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीवाली का वातावरण और भी पावन और दिव्य हो गया है’।
पीएम को बच्ची ने सुनाया भजन
यह मुलाकात पीएम मोदी के आवास पर हुई। जहां सूर्यकुमार यादव के परिवार के बाकी सदस्य भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक बच्ची से भजन भी सुना। भजन सुनकर पीएम मोदी काफी खुश भी दिखे। बता दें कि सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टीम से बाहर हो गए हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना पिछला मुकाबला टी-20 विश्व कप 2026 में खेला था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया था।
Truly a blessed and heartwarming moment with the Hon’ble Prime Minister Shri Narendra Modi Ji. 🙏🏼
A beautiful reminder of our rich culture, traditions and the values that bring us together. Grateful for this special moment.
Wishing everyone a very Happy and prosperous Diwali! 🪔
— Surya Kumar Yadav (@surya_14kumar) November 6, 2026
25 अर्धशतक और चार शतक निकाल चुके हैं सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए अभी तक एक टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टी-20 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 113 मैचों में 36.36 की औसत और 162.95 के स्ट्राइक रेट से 3,272 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 25 अर्धशतक और चार शतक निकले हैं। इसके अलावा 37 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 25.77 की औसत से 773 रन बनाए हैं। इसमें चार अर्धशतक शामिल है। टेस्ट क्रिकेट में सूर्यकुमार ने एक मैच खेला है और उनके नाम आठ रन दर्ज हैं।
भारतीय टी-20 टीम के रह चुके हैं कप्तान
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टी-20 टीम की 52 मुकाबलों में कप्तानी की है। उनकी अगुवाई में भारत ने 40 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं आठ मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दो मैच इस दौरान टाई रहे और दो का कोई भी परिणाम नहीं आया। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अभी तक कोई द्विपक्षीय टी-20 सीरीज या मल्टी टीम टूर्नामेंट नहीं गंवाया। ऐसे में उनको टीम से बाहर करने पर फैंस ने नाराजगी जताई थी और इस फैसले का विरोध भी किया था।
