ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के थाटीपुर चौहान प्याऊ के पास संचालित दृष्टि क्लीनिक में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गय। जिसके बाद क्लीनिक में बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, एक मरीज का अचानक मोबाइल अचानक फट गया। मोबाइल में ब्लास्ट होते ही आग की लपटें उठने लगीं और क्लीनिक परिसर में धुआं फैल गया। धमाके की आवाज सुनकर वहां मौजूद मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। घटना क्लीनिक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अचानक धमाके होने के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मरीज डॉ. आशुतोष शर्मा को दिखाने आया था और अपनी बारी के इंतजार में क्लीनिक के वेटिंग एरिया में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके हाथ में पकड़े हुए मोबाइल फोन में अचानक धुआं निकलने के बाद ब्लास्ट हो गया। मोबाइल फटते ही उसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। मोबाइल में ब्लास्ट और आग लगते ही क्लीनिक में बैठे अन्य मरीज और उनके परिजन अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर की ओर दौड़ पड़े।
कुछ ही क्षणों में क्लीनिक के वेटिंग एरिया में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद क्लीनिक स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए जलते हुए मोबाइल पर पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। स्टाफ की त्वरित कार्रवाई के चलते आग आसपास रखे फर्नीचर और अन्य उपकरणों तक नहीं पहुंच सकी। हालांकि, कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्काल कार्रवाई के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। क्लीनिक में मरीजों की मौजूदगी के बीच मोबाइल में अचानक ब्लास्ट होने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। फिलहाल मोबाइल में ब्लास्ट होने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
