उज्जैन। उज्जैन के देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में हुए दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से 4 कर्मचारियों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान नितिन, कमलेश, वाहिद और मनोज के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजन होटल के बाहर पहुंचे और मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। परिजनों का कहना था कि हादसे में चार परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य खो दिए हैं। इस बीच उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने घोषणा की कि होटल प्रबंधन चारों मृतकों के परिवारों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगा।
इस तरह होटल प्रबंधन की ओर से कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रत्येक मृतक के परिजन को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इस हिसाब से चारों परिवारों को सरकार की ओर से कुल 16 लाख रुपये मिलेंगे। होटल प्रबंधन और सरकार की घोषणाओं के बाद अब चारों परिवारों को कुल 1 करोड़ 36 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतकों की पत्नी को सरकारी नौकरी देने और परिजनों की अन्य मांगों पर फैसला होना अभी बाकी है।
