चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग के अंतर्गत उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) द्वारा नवंबर माह में विभिन्न विषयों पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है ताकि वे वैज्ञानिक तरीकों से खेती कर अपनी आय बढ़ा सकें। राज्य के सभी जिलों के इच्छुक प्रशिक्षार्थी उद्यान विभाग की वेबसाइट http://kaushal.hortharyana.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उद्यान विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रार्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी अनिवार्य है तथा प्रशिक्षियों का चयन ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजीकृत प्रशिक्षार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पास बुक और पैन कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज लेकर आने होंगे।
प्रवक्ता ने नवंबर माह में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आगे जानकारी देते हुए कहा कि 2 से 6 नवंबर 2026 तक ‘फल व सब्जियों में प्रसंस्करण परिरक्षण एवं मूल्यवर्धन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम’ (अवधि 5 दिन, सीटों की संख्या 40) और ‘नर्सरी मैनेजमेंट एज पर एचएचएन रूल्स -2026’ (अवधि 5 दिन, सीटों की संख्या 20) का आयोजन होगा, जिसके लिए पंजीकरण 27 अक्टूबर 2026 सुबह 10:00 बजे से 1 नवंबर 2026 सांय 5:00 बजे तक किया जा सकता है।
प्रवक्ता ने यह भी जानकारी दी कि प्रशिक्षार्थी अपने संबंधित जिला उद्यान अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी तथा उद्यान प्रशिक्षण संस्थान उचानी, करनाल में कार्य दिवस में प्रातः 9:00 बजे से सांय 5:00 बजे तक रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता या संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 8570077877 तथा टोल फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है।
