तरनतारनः पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान फिरौती के लिए गोलीबारी की तीन घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर को पुलिस पार्टी ने बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। जब पुलिस ने उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चला दीं।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बुरज देवा सिंह निवासी लखबीर सिंह के बेटे विश्वास सिंह उर्फ बूट्टा की टांग में गोली लग गई। वहीं उसके साथी गुरजशन सिंह उर्फ जशन पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी गली बाबा जीवन सिंह गुरुद्वारा मराहणा के नजदीक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक PX-5 पिस्तौल, पांच कारतूस, जिनमें तीन खाली और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी विश्वास सिंह को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद सरकारी अस्पताल, तरनतारन भेजने की व्यवस्था की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गोइंदवाल साहिब क्षेत्र में फिरौती के लिए की गई गोलीबारी की तीन हालिया घटनाओं में कथित रूप से शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
