चंडीगढ़: केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा देशभर में शुरू की गई पहल के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा राज्य में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ (इंटेग्रीटी फॉर प्रोसपेरिटी) थीम के अंतर्गत सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह प्रत्येक वर्ष उस सप्ताह के दौरान मनाया जाता है, जिसमें सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्मदिन (31 अक्टूबर) आता है।
विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी की शपथ जेडी आईवीसी एवं एसयू स्वर्णदीप सिंह द्वारा विशेष डीजीपी-सह-मुख्य निदेशक, विजिलेंस ब्यूरो, डॉ. शरद सत्य चौहान, प्रभजोत कौर एवं दियामा हरीश कुमार ओमप्रकाश (दोनों संयुक्त निदेशक) तथा डीआईजी, आर्थिक अपराध शाखा, हरप्रीत सिंह की उपस्थिति में दिलाई गई।

विशेष डीजीपी-सह-मुख्य निदेशक, विजिलेंस ब्यूरो, पंजाब डॉ. शरद सत्य चौहान ने आज विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों से भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए ब्यूरो द्वारा किए जा रहे बहुआयामी प्रयासों में सहयोग देने हेतु नागरिकों को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना है।
उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन (एसीएएल) की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिसके लिए व्हाट्सऐप नंबर 9501200200 का उपयोग किया जाएगा।” मार्च 2022 में पंजाब सरकार द्वारा शुरू किया गया यह विशेष मंच नागरिकों को भ्रष्टाचार से संबंधित ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से गोपनीय रूप से शिकायतें दर्ज करवाने में सक्षम बनाता है।

भ्रष्टाचार के प्रति अपनी शून्य सहनशीलता की नीति जारी रखते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने मार्च 2022 से 30 सितंबर 2026 तक भ्रष्टाचार के 1,118 मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने आगे बताया कि इन मामलों की जांच के दौरान कुल 1,156 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।