रेक्विनोआः चिली के ओ’हिगिंस क्षेत्र के रेक्विनोआ में एक शक्तिशाली EF-2 टॉरनेडो आया। इस बवंडर (टॉरनेडो) के दौरान हवाओं की रफ्तार 179 से 218 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच आंकी गई। सामने आए वीडियो में इस टॉरनेडो की विनाशकारी ताकत देखी जा सकती है। बताया जा रहा है कि इससे कई घरों और एक स्कूल को नुकसान पहुंचा है। चिली मौसम विज्ञान निदेशालय (DMC) द्वारा इसे प्रारंभिक रूप से ‘इन्हांस्ड फुजिता स्केल’ पर EF-2 श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रेक्विनोआ में स्थित ‘कोलेजियो ट्रिकाहुए’ (Colegio Tricahue) स्कूल को इस बवंडर से भारी नुकसान पहुंचा। इसकी छत, खिड़कियां और खेल का जिमनैजियम पूरी तरह तबाह हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई। इस घटना में लगभग 70 घर प्रभावित या क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा, बिजली के खंभे गिरने से 3,000 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई।
वहीं पटरियों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने के कारण रनकागुआ और सैन फर्नांडो के बीच ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। आपदा से निपटने के लिए नेशनल डिजास्टर प्रिवेंशन एंड रिस्पांस सर्विस (SENAPRED) ने रेक्विनोआ क्षेत्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ (Red Alert) घोषित किया और प्रभावित इलाकों में मलबे को साफ करने व राहत कार्यों के लिए सेना को तैनात किया गया।
