अमृतसरः जिले में सोमवार तड़के जेडी जिम पर गोलियां चलीं। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर आए 2 बदमाशों ने 3 राउंड फायर किए। गोली शीशे के आर-पार हो गई। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश मुंह ढके नजर आ रहे हैं। वहीं, एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल का बयान सामने आया है। इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले संबंधी तुरंत कार्रवाई करते हुए कानून की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है।
शुरुआती जांच और जुटाए गए सबूतों के आधार पर, इस घटना की जांच इस पहलू पर की जा रही है कि इसमें करण बाथ और उसके साथियों का हाथ हो सकता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करण बाथ पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की कई तकनीकी और विशेष टीमें इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए, SSP चहल ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस घटना में शामिल मुख्य हमलावरों और उनके साथियों की जल्द ही पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह घटना किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसका संबंध जबरन वसूली (extortion) की मांग से है।
पंजाब पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। जिम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोलीबारी की इस घटना के लिए जिम्मेदार आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।