अमृतसरः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं सामने आ रही है। बीते दिन मोगा में पुरानी रंजिश के कारण स्कॉर्पियों सवार नौजवानों द्वारा दुकान पर बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गई। इस घटना में 2 भाईयों की मौत हो गई। वहीं आज सुबह अमृतसर के मेहता चौक के पास जिम पर फायरिंग की घटना सामने आई है। जहां जेडी जिम पर अज्ञात लोगों ने गोलियां चला दीं। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार होकर आए 2 नौजवानों द्वारा फायरिंग की गई। दोनों नौजवानों ने मुंह ढके हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात लोगों ने जिम के बाहर खड़े होकर गोलियां चलाईं, जिससे जिम की खिड़कियों, दरवाजों और बाहरी हिस्सों को नुकसान पहुंचा। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जिम के मालिकों से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने कहा कि सुबह जिम में फायरिंग की सूचना मिली थी। घटना स्थल पर जाकर जायजा लिया गया और जिम संचालक को थाने बुलाया गया है। ऐसे में संचालक के बयानों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना स्थल से 3 खोल बरामद हुए है।