अमृतसरः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं सामने आ रही है। बीते दिन मोगा में पुरानी रंजिश के कारण स्कॉर्पियों सवार नौजवानों द्वारा दुकान पर बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गई। इस घटना में 2 भाईयों की मौत हो गई। वहीं आज सुबह अमृतसर के मेहता चौक के पास जिम पर फायरिंग की घटना सामने आई है। जहां जेडी जिम पर अज्ञात लोगों ने गोलियां चला दीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात लोगों ने जिम के बाहर खड़े होकर गोलियां चलाईं, जिससे जिम की खिड़कियों, दरवाजों और बाहरी हिस्सों को नुकसान पहुंचा। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जिम के मालिकों से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान और फिरौती की मांग आदि के बारे में आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है।