मोगाः जिले के अंगदपुरा मोहल्ले में एक दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात में दो युवकों की मौत हो गई जबकि 3 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय गगन जिंदल और 40 वर्षीय साहिल जिंदल के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। वहीं, 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत व्याप्त है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय दुकान के बाहर 4 से 5 युवक बैठे हुए थे।
इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 4 युवकों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य युवक के छर्रे लगने से घायल होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों पर शक जताया गया है। पुलिस उनके बयान ले रही है।
एसएसपी चहल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना में घायल हुए युवकों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। एसएसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी बताए गए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के मुताकि जांच पूूरी होने के बाद ही वारदात के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। इसी रंजिश के चलते दूसरे गुट द्वारा फायरिंग की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।