पंचकूलाः जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर पिंजौर के गांव सूरजपुर के समीप ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमेश आयु करीब 55 वर्ष निवासी सूरजपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रमेश किसी काम से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी-526 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल रमेश को गंभीर हालत में सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल, पंचकूला पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
