प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं विभिन्न इकाइयों के सदस्यों को दिलाई
ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में सोमवार को केंद्रीय छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह महाविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने केंद्रीय छात्र संघ की कार्यकारिणी, कक्षा प्रतिनिधियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, रोवर-रेंजर, सड़क सुरक्षा क्लब, रेडक्रॉस समिति और सांस्कृतिक समिति के मनोनीत सदस्यों को उनके दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात केंद्रीय छात्र संघ के संयोजक ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों और विभिन्न इकाइयों के सदस्यों का परिचय करवाया।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए भारती देवी को अध्यक्ष, आकृत को उपाध्यक्ष, शीतल कुमारी को सचिव तथा शिवानी को संयुक्त सचिव का दायित्व सौंपा गया है। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय छात्र संघ तथा महाविद्यालय की विभिन्न समितियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, रोवर-रेंजर, सड़क सुरक्षा क्लब और रेडक्रॉस समिति के माध्यम से समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता तथा मानवीय सेवा के महत्त्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ महाविद्यालय और समाज के विकास में भी सकारात्मक योगदान देना चाहिए। समारोह के दौरान केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों, कक्षा प्रतिनिधियों तथा विभिन्न इकाइयों के मनोनीत सदस्यों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और महाविद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर केंद्रीय छात्र संघ समिति के संयोजक प्रो. अनिल शर्मा, प्रो. नंदलाल, प्रो. सिकंदर नेगी तथा प्रो. निकिता सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान तथा सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, सेवाभाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें महाविद्यालय और समाज के सर्वांगीण विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
