नई दिल्लीः कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके द्वारा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बुलाए विरोध प्रदर्शन और इसके चलते दिल्ली पुलिस की कड़ी पाबंदियों का सीधा असर राजधानी के व्यापार पर पड़ा है। पुलिस द्वारा नई दिल्ली और आसपास के बाजारों को बंद रखने के निर्देशों के कारण शहर में हजारों करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है।
व्यापारी संगठन चेंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अनुसार, महज एक दिन के गतिरोध के चलते लगभग 2000 करोड़ रुपए का व्यापार ठप हो गया, जिससे दिल्ली के 20 लाख से अधिक व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
चेंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने सीजेपी समेत सभी राजनीतिक दलों को औपचारिक पत्र लिखकर त्योहारी सीजन के दौरान दिल्ली में किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन न करने की गुहार लगाई है। सीटीआई ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नवरात्रि, रामलीला और आगामी दीपावली का समय दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों के लिए पूरे साल का सबसे बड़ा कारोबारी सीजन होता है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह के प्रदर्शन आगे भी जारी रहे, तो त्योहारी खरीदारी पूरी तरह पटरी से उतर जाएगी और राजधानी की अर्थव्यवस्था को भारी झटका लगेगा।
सीटीआई ने 11 अक्टूबर को भेजे पत्र में स्पष्ट किया कि दिल्ली में हर साल लगभग 650 रामलीलाओं का मंचन होता है, जिनसे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों को रोजगार मिलता है। यदि विरोध प्रदर्शनों के कारण रास्ते, सड़कें और मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे, तो लोग बाजारों और रामलीलाओं में आने से कतराएंगे। व्यापारी संगठन ने सीजेपी और अन्य दलों से आग्रह किया है कि दिवाली तक अपने प्रदर्शनों के लिए दिल्ली के स्थान पर किसी अन्य शहर को चुना जाए, ताकि राजधानी के व्यापारियों का त्योहारी सीजन बर्बाद होने से बच सके और आम जनता को असुविधा न हो।
