अमन अरोड़ा ने कैडेटों को बताया ‘पंजाब का गौरव
चंडीगढ़: पंजाब के महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेटों ने एन.डी.ए. (II) की लिखित परीक्षा में 87.7 प्रतिशत की रिकॉर्ड सफलता दर्ज करके इतिहास रच दिया है। संस्थान के 65 कैडेटों में से 57 कैडेट एन.डी.ए. (II) की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करके जून 2027 में शुरू होने वाले प्रतिष्ठित एन.डी.ए.-158 पाठ्यक्रम के लिए अर्हता प्राप्त करने में सफल रहे हैं।
नियमित कैडेटों के अलावा, संस्थान में दो महीने के क्रैश कोर्स में शामिल होने वाले 30 उम्मीदवारों में से 7 ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा को उत्तीर्ण किया है। सफल कैडेट अब भारतीय सशस्त्र बलों में प्रवेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण अगले चरण, सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (एस.एस.बी.) के साक्षात्कार में शामिल होंगे।
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह परिणाम भारतीय सशस्त्र बलों के लिए देश के अग्रणी प्रशिक्षण संस्थानों में से एक के रूप में एम.आर.एस.ए.एफ.पी.आई. की प्रतिष्ठा को और मजबूत करता है। यह मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उस दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत राज्य के युवाओं को रक्षा सेवाओं की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ देश की सेवा करने के उनके सपनों को साकार करने के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण अवसंरचना उपलब्ध करवाई जा रही है।
संस्थान के शानदार रिकॉर्ड को रेखांकित करते हुए निदेशक ने बताया कि संस्थान के 15 कैडेट दिसंबर 2026 में शुरू होने वाले एन.डी.ए., टी.ई.एस. और नेवल अकादमी पाठ्यक्रमों में शामिल होने के लिए कॉल लेटर मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
